Sonipat News:सेवा संकल्प अभियान,आशीर्वाद का दीया से होगी शुरूआत
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; बूथ स्तर, अमृत सरोवरों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
सोनीपत, (सच कहूँ न्यूज़)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान को लेकर हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी उपायुक्तों के साथ बैठक की। उपायुक्त नेहा सिंह ने जिला के सभी संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की तथा विभिन्न मॉड्यूल के अनुसार विभागों को निर्धारित की गई जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इस कार्यक्रम के तहत बूथ स्तर पर, अमृत सरोवरों, धार्मिक स्थलों तथा जिला में प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास एवं उद्घाटन किए गए नए प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने स्तर पर संबंधित गतिविधियों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो विभाग सेवा संकल्प अभियान से सीधे तौर पर जुड़े हुए नहीं हैं, वे भी अपने महत्वपूर्ण एवं नए प्रोजेक्ट्स की जानकारी साझा करें, ताकि इन परियोजनाओं से संबंधित उपलब्धियों एवं जनहितकारी कार्यों को भी अभियान के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जा सके।