ऑप्रेशन मुस्कान: एक माह से लापता ऐलनाबाद का महाबीर प्रसाद वृंदावन में मिला

सरसा पुलिस की मिसिंग सेल ने बालक को सकुशल किया बरामद

Published On

Operation Muskaan: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। ऐलनाबाद से एक माह पहले लापता हुआ 17 वर्षीय बालक उत्तर प्रदेश के वृंदावन में मिला। सरसा पुलिस की मिसिंग सेल ने ऑप्रेशन मुस्कान के तहत तलाश करते हुए बालक को सकुशल बरामद किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। बालक के घर पहुंचते ही परिवार की खुशी लौट आई। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार ऐलनाबाद निवासी महाबीर प्रसाद 1 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे कुछ  दस्तावेज डाकखाने में जमा कराने के लिए स्कूटी से घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पिता की शिकायत पर 3 अगस्त को थाना ऐलनाबाद में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच मिसिंग सेल को सौंपी गई।

वृंदावन में मिला सुराग, टीम ने सकुशल बरामद किया

मिसिंग सेल प्रभारी एसआई साधुराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाकर बालक की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को उसके वृंदावन में होने की जानकारी मिली। टीम ने वहां पहुंचकर बालक को सकुशल बरामद कर लिया। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि आॅपरेशन मुस्कान का उद्देश्य गुमशुदा बच्चों को तलाशकर उन्हें उनके परिवारों से मिलाना है।

पुलिस टीम ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिवार के चेहरों पर मुस्कान लौटाकर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने टीम को बधाई दी। एसपी ने लोगों से अपील की कि गुमशुदा बच्चा, महिला या व्यक्ति मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें। साथ ही खोया-पाया पोर्टल और एप पर फोटो व विवरण अपलोड कर परिवार से बिछड़े लोगों को उनके परिजनों तक पहुंचाने में सहयोग करें।

About The Author

Related Posts