गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में दो गिरफ्तार
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, चोरी की ब्रेजा कार बरामद
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविन्द्र सिंह)। Ghaziabad News: कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर सहित दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। स्वाट टीम अपराध शाखा और थाना इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई कनावनी पुलिया के पास की। बदमाशों के कब्जे से इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी गई ब्रेजा कार और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने मीडिया को बताया कि बुधवार को कनावनी पुलिया पर चेकिंग के दौरान एक ग्रे रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो कार सवार भागने लगे। पीछा करने पर कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार सवारों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कार चला रहा बदमाश घायल हो गया। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भिजवाया गया। कॉम्बिंग के दौरान दूसरे बदमाश को भी पकड़ लिया गया। एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गुड्डू कुमार (43) पुत्र मुकेश सिंह निवासी ग्राम नुआकुर, जिला त्रिशूली, नेपाल, हाल पता - पोस्टल पार्क रोड नं. 3, थाना झकनपुर, पटना, बिहार (मुठभेड़ में घायल),छोटू कुमार (36) पुत्र स्व. चंदन राय* निवासी न्यू पुनाई चौक, थाना शास्त्री नगर, जिला पटना, बिहार के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी इंदिरापुरम अजय चौधरी ने बताया कि बरामद ब्रेजा कार थाना इंदिरापुरम क्षेत्र से ही चोरी की गई थी, जिसके संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 681/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस,एक ग्रे रंग की ब्रेजा कार बरामद की गई है।
पुलिस पूछताछ में घायल अभियुक्त गुड्डू ने बताया कि वह पहले भी पटना से शराब तस्करी और हरियाणा के गुरुग्राम से वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। दोनों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।