सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल मीरापुर में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छात्रों ने जीता गुरुओं का दिल

सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल मीरापुर में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छात्रों ने जीता गुरुओं का दिल

Published On

मीरापुर।(सच कहूं/कोमल कुमार) सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल मीरापुर में शिक्षक दिवस का समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सजी वर्गीस ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गुरु वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों के महत्व एवं उनके योगदान पर आधारित लघु नाटिका तथा स्वरचित कविताएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य सजी वर्गीस ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र का निर्माण कर उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके निस्वार्थ योगदान की सराहना की। समारोह के अंतिम चरण में प्रधानाचार्य सजी वर्गीस ने विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर शिक्षक-शिक्षिकाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 11 की छात्राओं युविका, सादिया, आबीदी, सानिया, अवनिका, तवसुल, प्रभजोत, मंशा, बतूल आदि ने किया। अंत में राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिक्षक दिवस समारोह का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts