दुकान के ताले तोड़कर नकदी सहित किराना सामान चोरी

अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। रावतसर कस्बे में न्योलखी रोड पर सिनेमा हॉल के पीछे स्थित एक किराना दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी सहित हजारों रुपए का किराना सामान चोरी कर लिया। वारदात का पता दुकान संचालक को सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर चला। रावतसर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में चक 4 आरडब्ल्यूएम निवासी 22 वर्षीय राकेश पुत्र ओमप्रकाश कुम्हार ने बताया कि वह रावतसर में सिनेमा हॉल के पीछे न्योलखी रोड पर रिद्धि-सिद्धि किरयाना स्टोर नाम से दुकान करता है। 7 सितंबर की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर स्टर के दोनों तरफ ताले लगाकर घर चला गया था। 8 सितंबर को सुबह दुकान पर पहुंचने पर उसने देखा कि दुकान के दोनों ताले और स्टर खोलने का हैंडल गायब था। ताले लगे होने वाली जगह के नीचे फर्श पर चोट के निशान भी मिले। स्टर खोलकर अंदर देखने पर गल्ला खुला पड़ा था और उसमें रखे 16700 रुपए नकद तथा कागजात गायब मिले। दुकान का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।

रिपोर्ट के अनुसार चोर दुकान से लक्स कंपनी के नहाने के साबुन के 40 पैकेट, लाइफबॉय कंपनी के 30 पैकेट, डेटोल साबुन के 25 पैकेट, चायपत्ती के 15 पैकेट, 10 किलो चीनी, गुड़ के 2 कार्टन, देसाई बीड़ी के 14 पैकेट तथा 75 पीस सिगरेट सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। दुकान के अंदर पुलिस को एक पुराना लोहे का पेचकस भी पड़ा मिला, जिसके आधार पर आशंका है कि चोरों ने ताले तोड़ने के लिए इसका इस्तेमाल किया होगा।

दुकानदार ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति रात के समय दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और नकदी व सामान चोरी कर ले गए। राकेश की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह स्वामी को सौंपा गया है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

About The Author

Related Posts