Cricket News: मल्टी-डे और वनडे सीरीज के लिए भारत-ए टीम का ऐलान, पडिक्कल कप्तान; हार्दिक पांड्या की वापसी

ऑस्ट्रेलिया-ए सीरीज के लिए गायकवाड़ को भी कप्तानी

Published On

Cricket News: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाली मल्टी-डे और वनडे सीरीज के लिए भारत-ए टीम की घोषणा कर दी है। मल्टी-डे मुकाबलों में टीम की अगुवाई देवदत्त पडिक्कल करेंगे, जबकि वनडे सीरीज की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई है।

भारत-ए को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबले और तीन वनडे मैच खेलने हैं। दौरे की शुरुआत 22 सितंबर से होगी। वनडे टीम में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भी शामिल किया गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस टेस्ट में सफल होने पर निर्भर करेगा। मल्टी-डे मुकाबलों के लिए घोषित टीम में साई सुदर्शन को जगह मिली है। चोट के कारण वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके थे। अब उनकी टीम में वापसी हुई है।

इसके अलावा अमन मोखड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़ और शेख रशीद को भी टीम में शामिल किया गया है। दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को भी टीम में स्थान दिया गया है।

मल्टी-डे टीम में शम्स मुलानी और तनुष कोटियान स्पिन विभाग को मजबूती देंगे। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल्ल हिंगे और नचिकेत भुटे जैसे खिलाड़ियों पर होगी। आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले प्रफुल्ल हिंगे पर भी नजरें रहेंगी। एन जगदीशन और कुमार कुशाग्र को विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।

वनडे टीम में हार्दिक पांड्या को जगह

वनडे टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ संभालेंगे। देवदत्त पडिक्कल को उपकप्तान बनाया गया है। वनडे टीम में साई सुदर्शन और प्रियांश आर्या को भी शामिल किया गया है। मध्यक्रम में रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र और नमन धीर अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, शानदार फॉर्म में चल रहे प्रभसिमरन सिंह से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

वनडे टीम में हार्दिक पांड्या की मौजूदगी से भारत-ए को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी। हालांकि, सीरीज में उनकी भागीदारी फिटनेस टेस्ट के परिणाम पर निर्भर रहेगी। भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच पहला मल्टी-डे मुकाबला 22 सितंबर से खेला जाएगा। दूसरा मल्टी-डे मैच 29 सितंबर से शुरू होगा। इसके बाद वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को होगा। दूसरा वनडे 9 अक्टूबर और तीसरा तथा अंतिम मैच 11 अक्टूबर को खेला जाएगा।

भारत-ए मल्टी-डे टीम

अमन मोखड़े, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), साई सुदर्शन (उपकप्तान), यश राठौड़, शेख रशीद, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल्ल हिंगे, एन जगदीशन (विकेटकीपर), नचिकेत भुटे और वी. वैश्य।

भारत-ए वनडे टीम

प्रियांश आर्या, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, विपराज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अरशद खान, नमन धीर, हार्दिक पांड्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), गुरजापनीत सिंह और यश ठाकुर।

About The Author

Related Posts