Delhi-NCR Weather: 4 और 5 सितंबर को Yellow Alert, तेज आंधी-बिजली के साथ भारी बारिश की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर में 4-5 सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट, तापमान में गिरावट के आसार

Published On

नई दिल्ली (एजेंसी)। Delhi Weather News: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने 4 और 5 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी, बिजली चमकने के साथ हल्की से लेकर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।  

मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा, जहां पारा 31 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक भी संतोषजनक स्थिति में बना हुआ है। मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 4 सितंबर को आसमान आम तौर पर बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश होने की संभावना है। सुबह के समय बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। 

वहीं, दोपहर में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि रात के समय फिर से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है। 5 सितंबर को भी मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। ह्यूमिडिटी 85-75 प्रतिशत बनी रहेगी। 

दिन के चारों हिस्सों- सुबह, पूर्वाह्न, अपराह्न और शाम- में बिजली चमकने के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। खासतौर पर दोपहर के समय मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। 6 सितंबर से मौसम साफ होने लगेगा। इस दिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है। तापमान 32 डिग्री (अधिकतम) और 25 डिग्री (न्यूनतम) रहेगा, जबकि नमी घटकर 80-65 प्रतिशत हो जाएगी। 

7 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री पहुंच सकता है। ह्यूमिडिटी 70-55 प्रतिशत रहेगी, जिससे गर्मी में बढ़ोतरी महसूस होगी। 8 और 9 सितंबर को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान 34 डिग्री के आसपास बना रहेगा। न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 डिग्री और 26 डिग्री रहेगा। लगातार बारिश और हवा की गति के कारण दिल्ली-एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक भी बेहतर बना हुआ है। 

सुबह के आंकड़ों के अनुसार एक्यूआई दिल्ली के आशोक विहार में 103, आया नगर, दिल्ली में 49, बवाना में 104, बुराड़ी क्रॉसिंग में 61, कैंटोनमेंट एरिया में 74, चांदनी चौक में 85 और सीआरआरआई मथुरा रोड में 47 दर्ज किया गया है। इसके अलावा, नोएडा में सेक्टर-125 (118), सेक्टर-62 (50), सेक्टर-1 (72), और सेक्टर-116 (98) जैसे आंकड़े दर्ज किए गए। गाजियाबाद में गोविंदपुरम (51), इंदिरापुरम (36), लोनी (111), संजय नगर (67), वसुंधरा (60), और वेद विहार-लोनी (94) पर एक्यूआई मापा गया। 

कुल मिलाकर, अधिकांश स्थानों पर एक्यूआई संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में है, जो राहत की बात है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून की विदाई से पहले यह बारिश दिल्ली-एनसीआर को गर्मी और उमस से राहत देगी। 

 

About The Author

Related Posts