शिक्षा और रोजगार
Mission Clean Punjab: मिशन क्लीन पंजाब के तहत बरनाला में सफाई अभियान, सांसद मीत हेयर ने खुद लगाई झाड़ू
सांसद मीत हेयर ने खुद झाड़ू उठाकर की बरनाला शहर की सफाई
बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Mission Clean Punjab: मिशन क्लीन पंजाब के दूसरे चरण के तहत वीरवार को नगर निगम बरनाला द्वारा शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से अग्रसेन चौक से भगवान वाल्मीकि चौक तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर ने विशेष तौर पर शिरकत करते हुए खुद अपने हाथों से झाड़ू लगाकर शहर की सफाई की। उनके साथ नगर निगम के मेयर हसन भारद्वाज और पार्षद भी मौजूद थे। इस दौरान सड़कों, फुटपाथों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई तथा लोगों को सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए जागरूक किया गया।
मीत हेयर ने कहा कि साफ-सुथरा शहर केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मिशन क्लीन पंजाब के तहत चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियानों का उद्देश्य केवल शहर की सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों में सफाई के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने बरनाला वासियों से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और सफाई को केवल विशेष अभियानों या कुछ दिनों तक सीमित न रखें।
प्रत्येक नागरिक अपने घर, दुकान, कार्यालय और आसपास के क्षेत्र को साफ रखना अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, सड़कों और पार्कों को गंदा न किया जाए तथा अपने आसपास के क्षेत्रों की सफाई के प्रति भी जिम्मेदारी निभाई जाए।
मेयर हसन भारद्वाज ने भी शहरवासियों से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियानों में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों ने भी लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि वे ‘मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ इस अभियान से जुड़ें और बरनाला को साफ-सुथरा व खूबसूरत बनाने में अपना योगदान दें।