शिक्षा और रोजगार
Sanitation Workers News मारपीट के आरोपी सफाई कर्मचारी को नगर परिषद ने किया निलंबित, 182 कर्मचारियों को नोटिस
6 अगस्त से चल रही हड़ताल के बीच कार्रवाई, 5 सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने के निर्देश
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद प्रशासन और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। बेगू रोड स्थित मोहता गार्डन में डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले टाटा एस चालक से मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ के मामले में नाम आने के बाद नगर परिषद ने सफाई कर्मचारी वीरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया।
वहीं पुलिस ने छह नामजद समेत 10 से अधिक लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और तोड़फोड़ सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। नगर परिषद की ओर से जारी नोटिस कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय के बाहर चस्पा किया गया। पुलिस ने कार्यकारी अधिकारी सुमनलता की शिकायत पर राजू, वीरेंद्र कुमार, अनमोल, कांताराम, सर्वजीत, जसवंत और प्रिंस समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कर्मचारियों के नेताओं से भी संपर्क कर सहयोग की अपील की है।
5 सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने के निर्देश
मुख्यालय से मिले आदेशों के बाद नगर परिषद ने 127 नियमित सफाई कर्मचारियों और सफाई दरोगाओं तथा पालिका रोल के 55 कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में कहा गया है कि 6 अगस्त से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। काम करने वाले कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और वाहनों को नुकसान पहुंचाने का भी उल्लेख किया गया है। नोटिस में हाईकोर्ट के सफाई व्यवस्था संबंधी आदेशों का हवाला देते हुए सभी कर्मचारियों को 5 सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
तीन घंटे कार्यालय के कमरों पर रहे ताले
वीरवार को सफाई कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे तक नगर परिषद कार्यालय को बंद रखा। जिला नगर आयुक्त के निर्देश के बाद अधिकारियों ने कार्यालय पहुंचकर कमरों को खुलवाया और काम शुरू करवाया। कर्मचारी नेता मनोज अठवाल ने दावा किया कि कर्मचारियों ने कार्यालय बंद में सहयोग किया। वहीं अधिकारियों का कहना है कि कार्यालय नियमित रूप से खुला रहा और बंद का कोई असर नहीं पड़ा। हालांकि कर्मचारियों के अनुसार सुबह 9 से 12 बजे तक कार्यालय के कमरों पर ताले लगे रहे। इसके बाद अधिकारियों ने पहुंचकर काम शुरू करवाया।
यह है मामला
बुधवार सुबह मोहता गार्डन के पास रोहताश नामक चालक दो कर्मचारियों के साथ टाटा एस से डोर-टू-डोर कचरा उठा रहा था। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने टाटा एस के आगे बाइक रोककर चालक से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दो-तीन अन्य बाइकों पर युवक भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चालक को वाहन से बाहर निकालकर मारपीट की। वाहन में सवार दो अन्य कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। एक युवक ने टाटा एस पर मुक्के मारकर शीशा तोड़ दिया। करीब पांच मिनट में वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। कार्यकारी अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।