शिक्षा और रोजगार
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की नई सदस्य का हुआ जोरदार स्वागत
भविष्य में ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी कि दान का कोई व्यक्तिगत उपयोग न कर सके - डॉ निर्मला
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की नवनियुक्त सदस्य एवं बीडीएम कॉलेज की पूर्व प्राचार्या डॉ. निर्मला यादव का गुरुवार को बीडीएम कॉलेज परिसर में जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। उनके ट्रस्ट की सदस्य बनने पर कॉलेज की शिक्षिकाओं, भाजपा से जुड़े नेताओं, समाजसेवियों और आरएसएस के लोगों ने उन्हें बधाई दी और स्वागत किया । सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. निर्मला यादव का शिकोहाबाद से लंबे समय से जुड़ाव रहा है।
सम्मान समारोह के दौरान कॉलेज की शिक्षिकाओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। वहीं अन्य लोगों ने शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान नारायण हरि, सीए अवधेश पाठक, सतीश यादव, वीना यादव, बीडीएम कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर गीता यादवेंदु, बीडीएम म्यू इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल नीरा माथुर, शिक्षाविद डॉ रामकैलाश यादव, भाजपा के नगर अध्यक्ष शिवम दिक्षित, पालिकाध्यक्ष पति राजीव गुप्ता, डॉ सुशील कुमार मिश्रा, डॉक्टर सहदेव सिंह चौहान, नीरू तोमर, हेमन्त सोनी आदि मौजूद रहे।
इस मौके पर डाॅ. निर्मला यादव ने वार्ता के दौरान कहा कि भविष्य में ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी कि मंदिर को मिले दान के एक रुपये या गहनों आदि का कोई व्यक्तिगत उपयोग नहीं कर सके तथा इधर-उधर नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि राम मंदिर को श्रद्धालुओं ने चंदा नहीं बल्कि दान दिया था, क्योंकि चंदा राजनीतिक दलों को दिया जाता है। महिला श्रद्धालुओं की सुविधाओं का और विस्तार करने का प्रयास होगा। ट्रस्ट द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई, उसका वह पालन करेंगी।