शिक्षा और रोजगार
Metro News: मेट्रो में रील बनाते पकड़े गए तो होगी कड़ी कार्रवाई
डीएमआरसी की चेतावनी, गुरुग्राम समेत एनसीआर में निगरानी बढ़ी
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Metro News: गुरुग्राम से समयपुर बादली को जोड़ने वाली येलो लाइन पर मेट्रो के अंदर और स्टेशनों पर रील बनाने के बढ़ते चलन को लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सख्त चेतावनी जारी की है। गुरुग्राम समेत एनसीआर के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक रील ट्रेंड में कंटेंट क्रिएटर मेट्रो रुकने पर सक्शन कप या टेप की मदद से मोबाइल को शीशे पर चिपका देते हैं।
ट्रेन चलने के बाद फोन से प्लेटफॉर्म और सुरंग का वीडियो रिकॉर्ड किया जाता है, जबकि क्रिएटर प्लेटफॉर्म पर दौड़ते या डांस करते हुए रील बनाता है। डीएमआरसी के अनुसार ऐसी गतिविधियां रील बनाने वालों के साथ अन्य यात्रियों के लिए भी खतरनाक हैं। फोन गिरने से यात्री घायल हो सकते हैं और मेट्रो उपकरणों को नुकसान पहुंच सकता है। पकड़े जाने पर मेट्रो अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि मेट्रो में ऐसी गतिविधि दिखाई देने पर कोच के इंटरकॉम या अगले स्टेशन पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों को तुरंत सूचना दें। येलो लाइन पर सीआईएसएफ और मेट्रो सुरक्षा कर्मियों की गश्त बढ़ाई गई है।