Bank Loan Fraud: फर्जी दस्तावेजों से बैंक से 15 लाख का लोन हड़पा
कार और पर्सनल लोन के लिए इस्तेमाल किए फर्जी कागजात बैंक की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ केस, जांच शुरू
जींद,सच कहूँ न्यूज। बैंक ऑफ महाराष्ट्र से फर्जी पहचान और दस्तावेजों के आधार पर 15 लाख रुपये का लोन लेकर हड़पने का मामला सामने आया है। शहर थाना नरवाना पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। बैंक मैनेजर सुरजीत कुमार के अनुसार नरवाना निवासी अमित भांकुर के नाम से 10 लाख रुपये का कार लोन और 5 लाख रुपये का पर्सनल लोन स्वीकृत हुआ था।
राशि अमित के खाते में जारी की गई थी। हिसार निवासी कुलवंत को लोन का गारंटर बनाया गया था। बाद में खाता एनपीए हो गया। बैंक कर्मचारियों ने दस्तावेजों में दिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, हिसार के पते की जांच की तो अमित भांकुर नाम का कोई कर्मचारी नहीं मिला। वहां अमित भारती नामक कर्मचारी के कार्यरत होने और उसके दस्तावेजों के दुरुपयोग का पता चला। इसके बाद बैंक ने लोन खाते को फ्रॉड घोषित कर दिया। जांच अधिकारी गुरपाल ने बताया कि अमित भांकुर और गारंटर कुलवंत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।