शिक्षा और रोजगार
भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल में धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: कस्बे के सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, गुब्बारों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सजी वर्गिस ने दीप प्रज्वलित कर तथा श्रीकृष्ण की आरती के साथ किया। प्री-प्राइमरी और प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे और सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और बाल लीलाओं पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने ‘मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो’ और ‘गोविंदा आला रे’ जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं कृष्ण जन्म और उनकी बाल लीलाओं पर आधारित लघु नाटिका ने भी खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। विद्यार्थियों की टोलियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मटकी फोड़ने में गुर्मन प्रीत, कक्षा-7 और आदित्य पाल, कक्षा-5 का विशेष योगदान रहा। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। प्रधानाचार्य सजी वर्गिस ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और भगवद्गीता के उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में विद्यार्थियों को प्रसाद एवं पुरस्कार वितरित किए गए। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।