शिक्षा और रोजगार
स्कूल जाते समय दो चचेरी बहनों को ट्रक ने कुचला, मौत
सीवन-चीका मार्ग पर दर्दनाक हादसा, दोनों मांडी गांव की निवासी
सीवन/कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Siwan News: सीवन-चीका मार्ग पर वीरवार सुबह करीब सवा आठ बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरी बहनों की मौत हो गई। मांडी गांव की दोनों छात्राएं स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान 10 टायर वाले ट्रक ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का टायर दोनों छात्राओं के ऊपर से निकल गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह दोनों छात्राएं स्कूटी पर मांडी गांव से सीवन स्थित स्कूल के लिए निकली थीं। करीब साढ़े आठ बजे जब वे चीका-कैथल मार्ग पर सुखू साइकिल वाले के पास पहुंचीं तो तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर जा गिरीं और ट्रक का टायर उनके ऊपर से निकल गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव मांडी निवासी गुर्णदीप कौर (14) और उसकी चचेरी बहन शरणदीप कौर (15) के रूप में हुई है। शरणदीप कक्षा 10वीं और गुर्णदीप कक्षा 9वीं की छात्रा थी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। छात्राओं के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि दोनों छात्राएं सुबह घर से स्कूल में होने वाली पार्टी के लिए खुशी-खुशी निकली थीं। उन्होंने मां से मैगी बनाकर साथ देने को कहा था। मां ने उनके लिए मैगी तैयार की थी। परिजन जगदीश चंद ने बताया कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो दोनों बच्चियों की किताबें ट्रक के दोनों टायरों के बीच पड़ी थीं। स्कूल ले जाने के लिए तैयार की गई मैगी भी सड़क पर बिखरी हुई थी। यह दृश्य देखकर परिजनों का कलेजा कांप उठा। एक छात्रा डॉक्टर बनना चाहती थी, जबकि दूसरी पुलिस अधिकारी बनने का सपना देख रही थी। दोनों के सपने एक पल में सड़क हादसे की भेंट चढ़ गए।
ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश जारी: एसएचओ
सीवन थाना एसएचओ मुकेश रानी ने बताया कि हादसे में मांडी गांव की दो छात्राओं की मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया। दोनों चचेरी बहनें थीं और स्कूल जा रही थीं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।