पूर्व सरपंच कृष्ण सिसाना गौशाला के सर्वसम्मति से बने प्रधान
पूर्व सरपंच कृष्ण सिसाना गौशाला के सर्वसम्मति से बने प्रधान
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: सिसाना गौशाला में प्रधान पद के चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया के बीच रविवार को गौशाला में आमसभा की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता रिटायर्ड एक्सईएन धर्मवीर द्वारा की गई।बैठक में गौशाला के प्रधान पद के चुनाव को लेकर विभिन्न गांवों एवं सामाजिक वर्गों की ओर से नाम प्रस्तावित किए गए। इसके बाद गठित कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व सरपंच कृष्ण पुत्र कन्हैया लाल को तीन वर्ष के लिए गौशाला का प्रधान बनाने का निर्णय लिया गया।
आमसभा की बैठक की अध्यक्षता गौसेवकों की सहमति से की गई। बैठक में अलग-अलग गांवों एवं सामाजिक वर्गों से दो-दो नाम प्रस्तावित किए गए। इनमें ग्राम पंचायत समचाना से राममेहर व रामेश्वर, मोर खेड़ी से अजय व आजाद, मटिंडू से महेंद्र व सुधीर, गढ़ी सिसाना से हवा सिंह, छिनौली से विजय सरपंच व विनोद, सिसाना-1 से कविंद्र व मास्टर प्रवीण, सिसाना-2 से राजकुमार, चांद पहलवान व भूपेंद्र ठेकेदार, पंडित समाज से जितेंद्र , पिछड़ा वर्ग से रामबीर तथा अनुसूचित जाति समाज से लक्ष्मी मेंबर के नाम शामिल रहे।
इसके बाद कमेटी की बैठक में गौशाला के प्रधान पद को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से कृष्ण पुत्र कन्हैया लाल को तीन वर्ष के लिए प्रधान बनाने का निर्णय लिया। इस निर्णय पर उपस्थित सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जताई।
प्रधान पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद कृष्ण ने कहा कि गौशाला किसी एक प्रधान के प्रयास से नहीं चलती, बल्कि 60 गांवों के जनसमूह के सहयोग से चलती है। उन्होंने सभी गौसेवकों एवं क्षेत्रवासियों से गौशाला की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने और बेहतर बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।
बैठक में गौशाला के संचालन, व्यवस्था और भविष्य में किए जाने वाले कार्यों को लेकर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि सामूहिक सहयोग से गौशाला की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा। इस मौके पर दहिया खाप प्रधान सुरेंद्र बाणिया, पूर्व एसपी अनूप सिंह दहिया, संजय गांधी ठेकेदार, दिलावर सिंह, रेशु पहलवान व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।