Sirsa News: मृत बेटे के नाम पर मिली सरकारी योजना की सहायता राशि हड़पने का आरोप

डॉ. अश्वनी कुमार और कुलदीप सिंह उर्फ गम्मी के खिलाफ केस दर्ज

Published On

ओढ़ां, (सच कहूँ/राजू)। कालांवाली में मृत बेटे के नाम पर दयालु योजना के तहत मिली 5 लाख रुपये की सहायता राशि में से 1.45 लाख रुपये कथित तौर पर हड़पने का मामला सामने आया है। महिला बलदेव कौर की शिकायत पर कालांवाली थाना पुलिस ने डॉ. अश्वनी कुमार और कुलदीप सिंह उर्फ गम्मी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव कालांवाली निवासी बलदेव कौर ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे गुरदीप सिंह की 14 नवंबर 2024 को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद कुलदीप सिंह ने उसे सरकारी योजना के तहत सहायता राशि दिलवाने का भरोसा दिया। महिला के अनुसार इस काम के लिए डॉ. अश्वनी कुमार को भी बुलाया गया और दोनों ने खर्च व कमीशन देने की बात कही।

खाते से निकलवाए 2.45 लाख रुपये: शिकायत के अनुसार 17 जून 2025 को बेटे के खाते में 5 लाख रुपये जमा हुए। अगले दिन डॉ. अश्वनी कुमार मोबाइल पर राशि की जानकारी देखने के बहाने महिला को बैंक ले गया। आरोप है कि उसके संयुक्त खाते से 2.45 लाख रुपये निकलवाए गए। इनमें से एक लाख रुपये उसके दूसरे बैंक खाते में जमा करवा दिए गए, जबकि 1.45 लाख रुपये अपने पास रख लिए गए। महिला ने आरोप लगाया कि रकम वापस मांगने पर उसे शिकायत करने की स्थिति में पैसे नहीं लौटाने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने अपनी बेटी के साथ सीएम विंडो पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने बैंक खातों में राशि जमा होने और निकासी से संबंधित जानकारी की जांच की। शिकायत के अनुसार बैंक की सीसीटीवी फुटेज भी देखी गई। एसआई बलदेव सिंह ने बताया कि दोनों नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।

About The Author

Related Posts