Cotton Farming: नरमा तैयार होते ही खेतों में पहुंचने लगे प्रवासी मजदूर, चुगाई शुरू

किसानों के अनुसार इस बार पिछले साल की तुलना में नरमे की फसल बेहतर

Published On

Cotton Farming: ओढ़ां, (सच कहूँ/राजू)। सफेद सोना कही जाने वाली नरमे की फसल खेतों में खिलकर तैयार होने लगी है और इसके साथ ही चुगाई का काम भी शुरू हो गया है। नरमे की चुगाई के लिए पंजाब और भरतपुर क्षेत्र से प्रवासी मजदूर किसानों के यहां पहुंचने लगे हैं। किसानों के अनुसार इस बार पिछले साल की तुलना में नरमे की फसल बेहतर है। फसल में सुंडी का प्रकोप नहीं होने और अधिक बारिश न होने से उत्पादन अच्छा रहने की उम्मीद है। हालांकि, किसानों की चिंता बढ़ी हुई मजदूरी और नरमे के कम भाव को लेकर है। इस बार प्रवासी मजदूर 1300 से 1400 रुपए प्रति क्विंटल चुगाई ले रहे हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 200 रुपए अधिक है। इसके अलावा किसानों को मजदूरों के आने-जाने का किराया, चाय और राशन का खर्च भी उठाना पड़ रहा है। इन सभी खर्चों को जोड़ने पर नरमे की चुगाई किसान को करीब 1800 रुपए प्रति क्विंटल तक पड़ रही है।

दो माह रुककर तीन बार करेंगे चुगाई

गांव नुहियांवाली में पंजाब से पहुंचे मजदूर राजा सिंह, टिंकू सिंह और बलजिंदर सिंह ने बताया कि पंजाब में नरमे की अपेक्षा धान की फसल अधिक है। वहां खेतों में काम कम होने के कारण वे परिवार सहित यहां नरमे की चुगाई के लिए आए हैं। करीब दो माह रुककर वे नरमे की तीन बार चुगाई करने के बाद दिवाली के आसपास वापस लौटेंगे। मजदूरों का कहना है कि महंगाई बढ़ने के कारण चुगाई के दाम बढ़ाने पड़े हैं।

किसानों को भाव बढ़ने की उम्मीद

किसान जगदीश सहारण ने बताया कि इस बार नरमे की फसल पिछले वर्ष से अच्छी है, लेकिन लागत भी काफी बढ़ गई है। मजदूर करीब 1800 रुपए प्रति क्विंटल पड़ रहे हैं। नरमे का भाव 12 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक मिले, तभी किसान के लिए कुछ बचने की उम्मीद है। किसान जसराज ने बताया कि इस बार नरमे की बिजाई अधिक हुई है और भरतपुर क्षेत्र से भी मजदूर पहुंच रहे हैं। एक तरफ का किराया और 1300 रुपए प्रति क्विंटल चुगाई तय हुई है। इसके अलावा दिन में तीन बार चाय और राशन भी देना पड़ता है। वहीं सुखदेव सिंह ने कहा कि नरमे की फसल ठीक है, लेकिन ग्वार की फसल हुई ही नहीं। किसान की लागत लगातार बढ़ रही है और फसलों के उचित भाव नहीं मिल रहे। उन्होंने नरमे का भाव करीब 15 हजार रुपए प्रति क्विंटल होने की जरूरत बताई।

About The Author

Related Posts