Sanitation Workers' Strike; सफाई कर्मचारियों की मांगें जायज, सरकार कर्मचारियों को पक्का करे – दीपेन्द्र हुड्डा
सफाई कर्मचारियों की मांगें जायज, सरकार कर्मचारियों को पक्का करे – दीपेन्द्र हुड्डा
सोनीपत (सच कहूँ/ हेमंत कुमार)। Sonipat News: सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा आज सोनीपत में धरनारत सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों को जायज बताकर उन्हें अपना पूर्ण समर्थन दिया। बड़े दुःख की बात है पिछले 34 दिनों से पूरे प्रदेश में सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलित है, लेकिन BJP सरकार उनकी सुध तक नहीं ले रही है। सफाई कर्मचारियों की मांगें बिल्कुल जायज हैं और कोई ऐसी मांग नहीं है जो न्यायसंगत ना हो। सरकार अपना अहंकार छोड़े। किसान, युवा, छात्र, सफाई कर्मचारी या कोई भी वर्ग अगर अपनी बात सरकार के सामने रखता है, तो सरकार सहानुभूतिपूर्वक उनकी बात समझते हुए समाधान करे।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को पूरे मान-सम्मान के साथ पक्की सरकारी नौकरी, नौकरी में मिलने वाली सुविधाएं, पेंशन की जब तक व्यवस्था नहीं होगी, तब तक हम इस लड़ाई को लड़ेंगे। ये ऐसी सरकार है जो जनता की सुनवाई नहीं करती। जब किसान 3 कृषि कानूनों के खिलाफ 1 साल तक धरने पर बैठे रहे और 750 किसानों की जान चली गई तब भी कोई सुनवाई नहीं की। जब बच्चे शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा व्यवस्था, रोजगार व्यवस्था फेल होने के बाद शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग लेकर दिल्ली गए तो उनकी सुनवाई भी नहीं की। जब हालात बेकाबू हो गए तो सरकार ने अपनी जान छुड़ाने के लिए शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा कराया। प्रजातंत्र में हर वर्ग को अपनी लड़ाई लड़ने का अधिकार है। लेकिन जब-जब बीजेपी सरकार डरती है, पुलिस को आगे कर देती है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार की कलम से फ़ैसला हुआ था कि ठेकेदारी प्रथा समाप्त हो और ग्रामीण आंचल में 14,000 और शहरों में 13,000 सफाई कर्मचारी डीसी रेट पर नियुक्त किए गए थे। उसके बाद उन्हें पक्का करने की नीति बनाई गई। जिसमें कहा गया था कि 3 साल से ज़्यादा की जिनकी सर्विस हो उन सभी सफाई कर्मचारियों को पक्का किया जाए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व विधायक जयवीर बाल्मीकि, पूर्व विधायक बलबीर बाल्मीकि, पूर्व विधायक सुरेंद्र पवार, पूर्व विधायक सुखबीर फरमाना, पूर्व विधायक पदमसिंह दहिया, जयभगवान दीपालपुर, जिला अध्यक्ष संजीव दहिया, कमल दीवान, सुरेंद्र शर्मा, जोगेंद्र दहिया, मनोज रिढ़ाऊ, रणधीर मलिक, अशोक सरोहा, कमल हसीजा, सतीश चेयरमैन, संजय बड़वासनी मौजूद रहे।