मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने नागौर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण

अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की प्रगति देख अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Published On

Nagaur Railway Station: जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नागौर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन बिल्डिंग, स्टेशन कक्ष, बुकिंग कार्यायल, शौचालय, सर्कुलेटिंग एरिया तथा विभिन्न स्टेशन कार्यालयों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा यात्रियों के लिए विकसित की गई सुविधाओं का अवलोकन किया। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों से पुनर्विकास कार्यों की प्रगति एवं निर्धारित समय-सीमा की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। साथ ही स्टेशन परिसर में स्वच्छता, यात्री आवागमन, प्रतीक्षालय, शौचालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं  नागरिकों ने मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी का साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित ज्ञापन प्रस्तुत किए। डीआरएम ने जनप्रतिनिधियों से रेल विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं को लेकर चर्चा की तथा प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। 

उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नागौर स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक, बेहतर एवं सुविधाजनक रेल यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्टेशन के पुनर्विकास में यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा एवं आधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान मंडल के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Related Posts