Public holiday: 9 व 11 सितम्बर को रहेगा सार्वजनिक अवकाश!
मतदाताओं को मतदान के लिए मिलेगा अवकाश का लाभ
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने जयपुर जिले में मतदान दिवस के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 9 सितम्बर 2026 (बुधवार) को नगर परिषद शाहपुरा एवं चौमूं तथा नगरपालिकाओं बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नारायणा, फागी एवं वाटिका में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
वहीं द्वितीय चरण में 11 सितम्बर 2026 (शुक्रवार) को नगर निगम जयपुर के क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। मतदान दिवस के साथ ही जहां पुनर्मतदान होगा, वहां पुनर्मतदान की तिथि को भी संबंधित मतदान क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा ताकि जयपुर जिले के नगरीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में निवास करने वाले मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अवकाश का लाभ ले सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जयपुर जिले के नगरीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में नियोजित कर्मचारियों को मतदान दिवस के दिन सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाना सुनिश्चित किया गया है, ताकि वे अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से प्रयोग कर सकें। आदेश की पालना नहीं करने पर संबंधित नियोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी।