दो माह से लापता मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को सेवादारों ने परिवार से मिलाया
परिजनों ने पूज्य गुरु जी व डेरा श्रद्धालुओं का तहेदिल से किया धन्यवाद
संगरूर (सच कहूूँ/नरेश कुमार)। Sangrur News: सच्चे रूहानी रहबर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर चलते हुए ब्लॉक संगरूर की शाह सतनाम जी ग्रीन एस वैल्फेयर कमेटी के सेवादारों ने मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की देखभाल कर उसे उसके परिवार से मिलाकर इन्सानियत की मिसाल कायम की है। इस संबंध में प्रेमी सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर जुगराज सिंह इन्सां, संगरूर ने बताया कि करीब दो माह पहले एक महिला धूरी की गलियों में दयनीय हालत में घूमती मिली थी।
सेवादारों ने उसे पिंगलवाड़ा आश्रम, समाना में दाखिल करवाया, जहाँ उपचार और लगातार काउंसलिंग के बाद उसकी हालत में सुधार आया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम प्रीति, पत्नी संतोष शर्मा, निवासी मदेवी रोड, गोबिंद नगर, मलेरकोटला बताया। उसने अपने परिवार के पास जाने की इच्छा जताई। इसके बाद सेवादारों ने शीतल इन्सां, मलेरकोटला की मदद से उसके परिवार का पता लगाया और उसके पति संतोष शर्मा से संपर्क किया। सूचना मिलने पर संतोष शर्मा समाना पहुंचे और आवश्यक सत्यापन के बाद अपनी पत्नी को आश्रम से सुरक्षित घर ले गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि प्रीति पिछले दो माह से घर से लापता थी और परिवार की ओर से उसकी हर जगह तलाश की जा रही थी।
जब परिवार को प्रीति के जीवित और सुरक्षित होने की सूचना मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के सदस्यों ने पूज्य गुरु जी व सभी सेवादारों का धन्यवाद किया। इस सेवा कार्य में दीक्षांत इन्सां और गगनदीप गांधी का भी विशेष योगदान रहा।