3890 नशीली टेबलेट और 535 कैप्सूल बरामद, युवक गिरफ्तार
तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने गश्त के दौरान की कार्रवाई
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 3890 टेबलेट और 535 कैप्सूल बरामद किए हैं। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट व बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम को तलवाड़ा झील थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजपाल सिंह के नेतृत्व में टीम गश्त कर रही थी।
टीम ने शाम करीब 4.10 बजे सिकलीगर मोहल्ला, वार्ड नंबर 4, तलवाड़ा झील में गश्त के दौरान सचिन सिंह (26) पुत्र सुखदेव सिंह सिकलीगर निवासी वार्ड नंबर 4 को डिटेन किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ब्यूप्रेनोर्फिन एंड नालोक्सोन सबलिंगुअल टेबलेट्स आईपी बसैट-प्लस की 40 टेबलेट, टैपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड 100 एमजी की 3850 टेबलेट, प्रेगाबलिन 300 एमजी सिग्नोर कैप्सूल के 375 कैप्सूल तथा प्रेगाबालिन 300 एमजी न्यूरो-300 के 160 कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया। मामले की जांच टिब्बी पुलिस थाना के उप निरीक्षक प्रमोद सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।