दुकान का ताला तोड़कर 70 हजार रुपए और दस्तावेज ले जाने का आरोप
भाई-भाभी समेत तीन जनों पर मुकदमा, सिविल विवाद के बीच वारदात का आरोप
हनुमानगढ़। जंक्शन की भट्ठा कॉलोनी में सिविल विवाद के बीच दुकान का ताला तोड़कर सन्दूक में रखे 70 हजार रुपए और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। परिवादी ने अपने भाई, भाभी सहित तीन जनों पर दुकान पर कब्जा करने की नीयत से वारदात करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जंक्शन थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 12, भट्ठा कॉलोनी निवासी गोमाराम पुत्र महावीर प्रसाद ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ के समक्ष इस्तगासा पेश किया था। परिवादी ने बताया कि उसका अपने भाई कृष्णलाल के साथ सिविल विवाद न्यायालय में विचाराधीन है और मामले में स्थगन आदेश भी जारी है। इसी विवाद को लेकर कृष्णलाल, उसकी पत्नी संतोष उर्फ माया और बिला सिंह उर्फ कालिया ने दुकान के सामने गाली-गलौज की। इस्तगासे में आरोप लगाया गया कि 15 सितंबर 2025 को दोपहर करीब ढाई बजे आरोपियों ने परिवादी को उसकी दुकान का ताला तोड़ने की धमकी दी थी।
परिवादी ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। उसी रात तीनों आरोपी एकराय होकर दुकान पर पहुंचे और कब्जा करने की नीयत से दुकान का ताला तोड़ दिया। दुकान के अंदर रखा एक सन्दूक भी आरोपी अपने साथ ले गए। इसमें घर व दुकान से संबंधित कागजात, मूलभूत दस्तावेज तथा 70 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। न्यायालय से प्राप्त इस्तगासा के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच हैड कांस्टेबल लायक सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपों की जांच के साथ दुकान का ताला तोड़ने, नकदी व दस्तावेज ले जाने संबंधी साक्ष्यों तथा परिवादी की ओर से बताई गई वीडियो की भी पड़ताल करेगी।