Rajasthan Weather Update: राजस्थान में एक बार फिर मानसून होने वाला है सक्रिय!

बीकानेर-जोधपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की ओर है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्रप्रदेश से लगे क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके आगामी दिनों में मध्य भारत से होकर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 13 से 16 सितंबर के दौरान पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 11 सितंबर से भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। 12 से 16 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ और हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना जताई गई है। 13 और 14 सितंबर को कोटा, उदयपुर संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, जबलपुर और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।

किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पककर तैयार और खुले आसमान में रखी खरीफ फसलों को भीगने से बचाने के समुचित इंतजाम करने को कहा गया है। कृषि एवं अनाज मंडियों में खुले में रखे अनाज और अन्य जिंसों को भी बारिश से बचाने की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा फसलों में कीटनाशक एवं अन्य रसायनों का छिड़काव आगामी दिनों में बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए ही करने की सलाह दी गई है।

About The Author

Related Posts