कैराना में जुमे की नमाज को लेकर चौकन्ना रहा पुलिस-प्रशासन, ड्रोन से निगरानी
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार व नपा ईओ समीर कश्यप ने पुलिस फोर्स के साथ बाजारों में किया पैदल मार्च
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: जुमे की नमाज के दृष्टिगत कैराना में पुलिस-प्रशासन चौकन्ना नजर आया। कोतवाल व ईओ ने कस्बे के बाजारों में पुलिस बल के साथ में पैदल मार्च किया। इस दौरान ड्रोन से निगरानी की गई तथा प्रमुख मस्जिदों के पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस-प्रशासन की सतर्कता के चलते जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न हो गई।
विगत दिनों सहारनपुर कलेक्ट्रेट में स्थित मस्जिद के खिलाफ प्रशासन द्वारा की गई ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के प्रकरण को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसी के दृष्टिगत शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते कैराना में भी पुलिस-प्रशासन सतर्क नजर आया। कोई अराजक तत्व माहौल न बिगाड़ सके, लिहाजा पुलिस-प्रशासन की ओर से कड़ी व्यवस्था की गई थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार व नगरपालिका परिषद कैराना के अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने पुलिस व पीएसी बल के साथ में कस्बे के बाजारों में पैदल मार्च किया।
उन्होंने लोगो से किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाने व शांति बनाए रखने की अपील की। कस्बे की जामा मस्जिद समेत प्रमुख मस्जिदों के बाहर एतिहातन पुलिस बल तैनात किया गया था। जामा मस्जिद क्षेत्र में ड्रोन उड़ाकर कस्बे की गतिविधियों की निगरानी की गई। पुलिस-प्रशासन की सतर्कता के चलते नगर एवं क्षेत्र में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। इस दौरान एसएसआई अखिल चौधरी, किलागेट चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार बघेल, इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी आदि मौजूद रहे।