Rajasthan Body Election 2026: शहरी सरकार चुनने उमड़ा उत्साह, कहीं ईवीएम अटकी तो कहीं बूथ पर बवाल
सुबह से मतदान केन्द्रों पर लगी लंबी कतारें, अंतिम समय तक मतदाताओं से मान-मनुहार करते नजर आए प्रत्याशी
Local Body Elections-2026: हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में शुक्रवार को हनुमानगढ़ नगर परिषद सहित पीलीबंगा और गोलूवाला नगरपालिकाओं में मतदान हुआ। शहर की सरकार चुनने के लिए सुबह से ही मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। मतदान शुरू होते ही हनुमानगढ़ नगर परिषद सहित पीलीबंगा और गोलूवाला के मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं।
युवा पहली बार मतदान के उत्साह में नजर आए तो महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाने मतदान केन्द्रों तक पहुंचे। मतदान के दौरान प्रत्याशी और उनके समर्थक भी पूरी तरह सक्रिय नजर आए और अंतिम समय तक मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की मान-मनुहार करते दिखाई दिए। मतदान के बाद मतदाताओं ने कहा कि उन्होंने विकास के नाम पर वोट दिया है और उम्मीद जताई कि चुने जाने वाले पार्षद अपने-अपने वार्डांे की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाएंगे।
नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में शुक्रवार को तीनों नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दौर में कुछ मतदान केन्द्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी और सुरेशिया क्षेत्र में प्रत्याशियों के बीच विवाद के कारण मतदान प्रभावित हुआ, लेकिन प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए व्यवस्थाओं को संभाल लिया।
अपराह्न 3 बजे तक तीनों नगरीय निकायों में कुल 1,78,275 मतदाताओं में से 1,20,549 मतदाता वोट डाल चुके थे। कुल मतदान प्रतिशत 67.62 रहा। हनुमानगढ़ नगर परिषद में 1,34,264 मतदाताओं में से 87,608 ने मतदान किया, यानी 65.25 प्रतिशत। गोलूवाला में 13,200 में से 10,778 मतदाताओं ने वोट डाला और मतदान प्रतिशत 81.65 रहा। पीलीबंगा में 30,811 में से 22,163 मतदाताओं ने मतदान किया, यहां 71.93 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

पांच बूथों पर तकनीकी खराबी, बदली गई ईवीएम
हनुमानगढ़ नगर परिषद के वार्ड 25, 32, 42, 47 और 48 के मतदान केन्द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों में तकनीकी खराबी सामने आई। इसके चलते इन पांच बूथों पर ईवीएम बदली गईं। जंक्शन के वार्ड 47 स्थित बूथ पर मशीन में खराबी के कारण मतदान करीब एक घंटे की देरी से शुरू हो पाया। यहां कांग्रेस प्रत्याशी के हाथ के निशान वाले बटन में तकनीकी खराबी आने की शिकायत के बाद मशीन बदली गई। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रवि कुमार ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण तीन स्थानों पर मतपत्र इकाई (वीयू) तथा दो स्थानों पर नियंत्रण इकाई (सीयू) बदली गई। मशीनों को बदलने के बाद हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभी 60 वार्डांे के 133 मतदान केन्द्रों पर मतदान सुचारू रूप से चल रहा है।
फर्जी वोट डालने के आरोप पर हंगामा
नगरीय निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के मतदान के दौरान टाउन के वार्ड नंबर 27 स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में बनाए गए मतदान केन्द्र पर तीन वोट फर्जी तरीके से डाले जाने के आरोप को लेकर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल भी मौके पर पहुंचे।
पवन मौर्य ने आरोप लगाया कि मतदान केन्द्र के भाग संख्या एक में सुनीता, संदीप सहित तीन लोगों के वोट फर्जी तरीके से डाले गए। प्रत्याशी व कार्यकर्ताओं ने मतदान के दौरान इस पर आपत्ति जताई, लेकिन उनका कहना था कि जो वोट पोल हो चुके हैं, वह दोबारा पोल नहीं हो सकते। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह कई अन्य फर्जी वोट भी डाले गए हो सकते हैं। वहीं विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि मतदान केन्द्र पर मौजूद प्रत्याशी के एजेंट को उस समय मतदाता का सत्यापन करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी प्रत्येक मतदाता को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता, इसलिए एजेंट की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
वार्ड 47 में मोबाइल फोन को लेकर शिकायत
वार्ड 47 के मतदान केन्द्र पर एक कर्मचारी के पास मोबाइल फोन होने की शिकायत ग्रामीणों ने की। ग्रामीणों ने एक महिला कांस्टेबल की ड्यूटी को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि महिला कांस्टेबल का पीहर इसी क्षेत्र में होने के बावजूद उसकी ड्यूटी उसी बूथ पर लगाई गई। शिकायतों को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।
सुरेशिया में बूथ पर प्रत्याशी भिड़े, तनाव
हनुमानगढ़ के सुरेशिया क्षेत्र में बूथ संख्या 129 और 130 पर मतदान के दौरान टीम गणेश राज बंसल के निर्दलीय और भाजपा प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई की स्थिति बन गई। एक प्रत्याशी ने दूसरे पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर भाजपा प्रत्याशी के हनुमान नामक एक समर्थक पर ईंट से सिर पर हमला किए जाने की सूचना भी सामने आई। हंगामे के बाद मतदान केन्द्र पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ। हंगामे के बाद मतदान केन्द्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एहतियातन बूथ के मुख्य दरवाजे को बंद कर दिया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, डीएसपी मीनाक्षी सहारण और जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभाली और भीड़ को नियंत्रित किया। भाजपा नेता अमित चौधरी भी मौके पर पहुंचे तथा समर्थकों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों पर गुंडागर्दी के आरोप लगाए। सुरेशिया क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वार्ड 15 में पत्रकारों से अभद्रता का आरोप
वार्ड 15 में क्षेत्रीय दंडाधिकारी दीपक भारोटिया पर पत्रकारों से अभद्रता करने के आरोप लगे। पत्रकारों के सवाल पूछने पर उनके मौके से चले जाने की बात सामने आई। मामले को अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदीलाल मीणा ने अनुचित करार दिया। उन्होंने अधिकारियों को पत्रकारों और आमजन के साथ संयमित एवं शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी।
35 संवेदनशील-अतिसंवेदनशील बूथों पर कड़ी निगरानी
हनुमानगढ़, पीलीबंगा और गोलूवाला में कुल 35 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। इन केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 25 सचल पुलिस दल लगातार क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। इनमें हनुमानगढ़ में 18, पीलीबंगा में चार और गोलूवाला में तीन सचल दल तैनात हैं। कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए 15 पुलिस पर्यवेक्षक अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। कुल 193 मतदान केन्द्रों पर 386 पुलिस एवं गृह रक्षा दल के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पुलिसकर्मी और एक गृह रक्षा जवान तैनात है।
तकनीकी दिक्कतों के बावजूद मतदान जारी
तकनीकी खराबी और कुछ स्थानों पर विवाद की घटनाओं के बावजूद प्रशासन की तत्परता से मतदान प्रक्रिया को दोबारा सुचारू किया गया। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। 14 सितंबर को जिले के सभी आठ नगर निकायों की मतगणना होगी, जिसके साथ प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा। इसके बाद 21 सितंबर को अध्यक्ष पद तथा 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन कराया जाएगा।
