खरखौदा में 2 करोड़ की रंगदारी की धमकी के बाद कार्यालय पर फायरिंग, मुठभेड़ में दो आरोपी काबू
खरखौदा में 2 करोड़ की रंगदारी की धमकी के बाद कार्यालय पर फायरिंग, मुठभेड़ में दो आरोपी काबू
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: खरखौदा में 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के बाद एक व्यक्ति के कार्यालय पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध युवकों का पीछा किया, जिसके दौरान हरसाना गांव की सीमा में एनएच-334 बी पर पुलिस टीम और युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दोनों युवक गोली लगने से घायल हो गए। बीती देर रात को वार्ड नंबर-1 निवासी दीपक के मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने 2 करोड़ रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोपी ने अगली कॉल में पैसे देने की जगह बताने की बात कही।
करीब आधे घंटे बाद, दीपक के खांडा रोड स्थित कार्यालय पर रहने वाले अजय ने फोन कर बताया कि बिना नंबर प्लेट की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने कार्यालय पर फायरिंग की है। मौके पर कार्यालय के गेट और दीवार पर गोलियों के निशान मिले तथा एक खाली खोल बरामद हुआ।
सूचना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध दोनों युवकों का पीछा किया। हरसाना गांव की सीमा में एनएच-334 बी पर हुई मुठभेड़ में अंकित निवासी भटाना, हाल सोनीपत और हर्ष निवासी लहराड़ा गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल खरखौदा लाया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों आरोपी घायलों को पीजीआई खानपुर रेफर किया गया है। पुलिस द्वारा रंगदारी की धमकी, कार्यालय पर फायरिंग और मुठभेड़ की घटना को लेकर गहनता से जांच की जा रही है।