Gold News Today: मजदूरों को मिला जमीन से सोने के सिक्कों वाला मटका
कर्नाटक के बेलगावी में खुदाई में मिले सोने के ये 14 प्राचीन सिक्के, प्रशासन को लौटाए
Gold News Today: बेलगावी, (एजेंसी)। कर्नाटक के बेलगावी जिले में खुदाई के दौरान मजदूरों को सोने के सिक्कों से भरा मिट्टी का बर्तन मिला। खास बात यह रही कि मजदूरों ने लालच में आकर सिक्कों को अपने पास रखने के बजाय पूरी ईमानदारी के साथ प्रशासन को सौंप दिया। इस पहल की तालुक प्रशासन ने जमकर सराहना की है।
मामला सौंदत्ती तालुक के इंचल गांव का है। यहां बीसीएम छात्रावास के पास योजना के तहत चल रहे काम के दौरान कुछ दिहाड़ी मजदूर जमीन की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मिट्टी का एक पुराना बर्तन दिखाई दिया। बर्तन को बाहर निकालकर खोला गया तो उसमें 14 सोने के सिक्के मिले। मजदूरों ने तुरंत इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी और सभी सिक्के प्रशासन के हवाले कर दिए।
प्रशासन के अनुसार, बरामद सिक्कों का कुल वजन करीब 54.8 ग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 8.27 लाख रुपये बताई गई है। पंचायत विकास अधिकारी और तालुक पंचायत के कर्मचारियों की मौजूदगी में सिक्कों को सौंदत्ती के तहसीलदार मल्लिकार्जुन हेग्गनवर को सौंपा गया। इसके बाद तहसीलदार ने सभी सिक्कों को सरकारी खजाने में जमा करा दिया।
सिक्कों पर बनी है हाथी की आकृति
बरामद सिक्कों को लेकर इतिहास से जुड़े पहलू ने भी लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। सिक्कों पर हाथी की आकृति बनी हुई है। इतिहास के जानकारों के अनुसार, हाथी तलकाडु के गंगा वंश से जुड़ा शाही प्रतीक माना जाता था। प्रारंभिक ऐतिहासिक अनुमान के मुताबिक, ये सिक्के 10वीं से 15वीं शताब्दी के बीच के हो सकते हैं। हालांकि, सिक्कों की वास्तविक उम्र, उत्पत्ति और ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि विशेषज्ञों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सोने के सिक्के मिलने के बाद मजदूर उन्हें आसानी से अपने पास रख सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने प्रशासन को इसकी सूचना देकर सभी सिक्के सौंप दिए। तालुक प्रशासन ने मजदूरों के इस कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी ईमानदारी समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। घटना के बाद इंचल गांव में प्राचीन सिक्कों की बरामदगी और मजदूरों की ईमानदारी चर्चा का विषय बनी हुई है।