Delhi Crime News: दिल्ली में डबल मर्डर से सनसनी, दहशत का माहौल

जाफराबाद में युवक की चाकू से हत्या; मयूर विहार में भी वारदात, जांच में जुटी पुलिस

Published On

नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में एक इन्वेंटर बॉक्स बनाने वाली फैक्ट्री में 19 वर्षीय युवक की चाकू से हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को रविवार रात करीब 10:15 बजे जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली थी कि चाकू लगने से घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया है। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, साहिल चौहान बांगर की गली नंबर 4 स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और वहीं रहता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में काम करने वाले एक साथी कर्मचारी ने कथित तौर पर साहिल पर चाकू से हमला किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। जाफराबाद थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संदिग्ध की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

मयूर विहार फेस-3 में युवक की पीट-पीटकर हत्या

पूर्वी दिल्ली। न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के मयूर विहार फेस-3 इलाके में रविवार सुबह एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार, करीब पांच बजे कुछ अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे मृत पाया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पहचान स्थापित करने के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से जानकारी का मिलान किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य विवाद की आशंका समेत कई पहलुओं पर काम कर रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Related Posts