मुजफ्फरनगर में अचानक बदला मौसम, बारिश से शहर को राहत तो गांवों में बढ़ी चिंता
मुजफ्फरनगर में अचानक बदला मौसम, बारिश से शहर को राहत तो गांवों में बढ़ी चिंता
मुजफ्फरनगर, अनु सैनी। पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस के बीच शनिवार से अचानक मौसम ने करवट ली। जिले में रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हो गया, जो रविवार को भी जारी रहा। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसान इस बारिश से परेशान नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में पानी भरने की स्थिति बन रही है। किसानों का कहना है कि इस समय जरूरत से ज्यादा बारिश फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है। खासकर गन्ने की फसल पर बारिश का प्रतिकूल असर पड़ रहा है। खेतों में नमी बढ़ने और पानी जमा होने से गन्ने की फसल खराब होने की आशंका किसानों को सता रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक पहले से ही मौसम की मार झेल रहे किसानों के लिए लगातार बारिश नई परेशानी लेकर आई है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भरने से फसल प्रभावित हो रही है। किसानों को डर है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो गन्ने समेत अन्य फसलों को भी भारी नुकसान हो सकता है। शहर में बारिश के चलते मौसम सुहावना हुआ और लोगों को उमस से राहत मिली, लेकिन गांवों में किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से खेतों से जल निकासी की व्यवस्था कराने और फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने की मांग की है।