Bhagwant Mann Latest News: भगवंत मान ने कस्टम विभाग प्रमुख पर लगाया ये बड़ा आरोप
ज्ञानेश कुमार के भाई ने जबरन लगाया जुर्माना: सीएम मान
Bhagwant Mann Statement: चंडीगढ़, (अश्वनी चावला)। दिल्ली एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को 3 घंटे तक रोके जाने के मामले में खुद भगवंत मान ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के भाई मनीष कुमार पर आरोप लगाए हैं। पंजाब विधानसभा में इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भारत के इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब किसी राज्य के मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट के कस्टम विभाग ने 3 घंटे तक रोककर उनके कपड़ों की जांच की हो।
भगवंत मान ने कहा कि जब कपड़ों में से कुछ भी नहीं मिला, तो उनके साथ यात्रा पर गए साथियों के सामान की सूची तैयार करके 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि उनके पास कुछ भी गलत नहीं मिला और उन्होंने सभी नियमों का पालन किया था, लेकिन अधिकारियों पर इतना ज्यादा दबाव था कि वे इस तरह की कार्रवाई करते नजर आए।
भगवंत मान ने बताया कि जब उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया, तो अधिकारियों ने हाथ जोड़कर कहा कि उन पर काफी दबाव है और वे 50 हजार रुपये जरूर जमा करवा दें। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों की मजबूरी को देखते हुए 50 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। भगवंत मान ने बताया कि उन्हें मौके पर जानकारी मिली कि दिल्ली एयरपोर्ट के कस्टम विभाग के प्रमुख मनीष कुमार हैं और वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के सगे भाई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी लगातार ज्ञानेश कुमार से कथित वोट चोरी के मामले में इस्तीफे की मांग कर रही है और इसी का बदला लेने के लिए मनीष कुमार की ओर से यह पूरी कार्रवाई करवाई गई। उन्होंने कहा कि देश के बड़े अधिकारी किस हद तक जा सकते हैं, इसका प्रमाण दिल्ली एयरपोर्ट की इस घटना से स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
भगवंत मान ने कहा कि यदि इस तरह उन्हें रोकने की कोशिश की गई, तो भी वे पीछे नहीं हटेंगे। देश के खिलाफ हो रहे किसी भी काम के विरुद्ध वे मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे पर वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे और ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेकर रहेंगे, भले ही एयरपोर्ट पर उनके साथ दोबारा इस तरह का गलत और असंवैधानिक व्यवहार क्यों न किया जाए।