Bhandara Road Accident: खड़े ट्रक से टकराई सवारियों से भरी बोलेरो, मची अफरा-तफरी

महाराष्ट्र के भंडारा में भीषण सड़क हादसा, 3 बच्चों समेत 9 यात्रियों की मौत

Published On

Bhandara Road Accident: भंडारा (सच कहूँ/एजेंसी)। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बोलेरो वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 6 महिलाएं और 3 छोटे बच्चे बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बोलेरो में करीब 16 से 17 लोग सवार थे। ये सभी छत्तीसगढ़ से तीज पर्व के सिलसिले में नागपुर जा रहे थे। पिंपलगांव के पास मुंडिपार इलाके में तड़के करीब 3 बजे बोलेरो की खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, 8 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। उनके शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक महिला को इलाज के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।

चार मृतक एक ही परिवार से

हादसे में जान गंवाने वालों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मृत बच्चों की उम्र पांच वर्ष से कम बताई गई है। हादसे में बोलेरो चालक समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं। चालक और तीन बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को इलाज के लिए नागपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

डॉक्टर लक्ष्मीकांत शहारे के अनुसार, हादसा मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच हुआ। सड़क पर रात के समय एक ट्रक खड़ा था और करीब 3 बजे तेज रफ्तार बोलेरो उससे टकरा गई। प्रारंभिक उपचार साकोली स्थित अस्पताल में किया गया, जिसके बाद घायलों को भंडारा रेफर किया गया। कुछ मरीजों को आगे उपचार के लिए नागपुर जीएमसी भेजा गया।

हादसे के बाद परिजनों और परिचितों में मातम पसरा हुआ है। एक व्यक्ति ने बताया कि सभी यात्री छत्तीसगढ़ से नागपुर की ओर जा रहे थे और उनका उद्देश्य तीज पर्व मनाना था। उसने बताया कि हादसे में उसकी भांजी सरिता वर्मा की भी मौत हुई है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और खड़े ट्रक की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

About The Author

Related Posts