मतदान के बीच सुरेशिया में बवाल, दो प्रत्याशियों में झड़प से मचा हड़कंप
बूथ संख्या 129-130 पर मामूली कहासुनी ने लिया तूल, पुलिस ने संभाला मोर्चा; 10 बजे तक जिले में 26.66 प्रतिशत मतदान
Rajasthan Local Body Election: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को हनुमानगढ़ नगर परिषद सहित गोलूवाला और पीलीबंगा नगरपालिका में मतदान जारी है। इसी दौरान हनुमानगढ़ के सुरेशिया इलाके में बूथ संख्या 129 और 130 के पास दो प्रत्याशियों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी झड़प हो गई, जिससे मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान एक प्रत्याशी की ओर से दूसरे प्रत्याशी पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया गया। विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति पर ईंट से हमला किए जाने की सूचना भी सामने आई। हंगामे के बाद मतदान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एहतियातन बूथ के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए। कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। डीएसपी मीनाक्षी और सीआई रामचंद्र कस्वां भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया को सुचारू कराने के प्रयास किए गए।
मौके पर पहुंचे भाजपा नेता अमित चौधरी ने समर्थकों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों पर गुंडागर्दी के आरोप लगाए। घटना के बाद पूरे सुरेशिया क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और उपद्रव की आशंका को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
10 बजे तक 26.66 प्रतिशत मतदान
द्वितीय चरण के मतदान में सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह नजर आया। जिला प्रशासन के अनुसार प्रातः 10 बजे तक हनुमानगढ़ नगर परिषद में 24.66 प्रतिशत, गोलूवाला नगरपालिका में 38.41 प्रतिशत और पीलीबंगा नगरपालिका में 30.33 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों नगरीय निकायों को मिलाकर कुल 1,78,275 मतदाताओं में से 47,527 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। इस तरह सुबह 10 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 26.66 प्रतिशत रहा। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिकाधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। साथ ही मतदान केंद्रों पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।