खूनी संघर्ष में बदला आपसी विवाद, दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला
उत्तर प्रदेश के बलिया का मामला, अस्पताल में इलाज के दौरान एक की मौत
बलिया (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में देर रात आपसी विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से तीन को हिरासत में लिया है। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, मामला उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव का है। यहां दो सगे भाइयों पर उनके पटीदार और उसके परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उभांव पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मऊ रेफर कर दिया गया। मऊ में उपचार के दौरान अमरेश ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके भाई मंजेश सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू, वाराणसी भेजा गया है।
गाली-गलौज के बाद हुआ विवाद
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के ही पटीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहा था। अमरेश और मंजेश ने कथित तौर पर उसे ऐसा करने से रोकने और समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और रामकरण सिंह तथा उसके परिवार के सदस्यों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। बलिया के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला के मुताबिक, दोनों भाइयों पर रामकरण सिंह, उसके पिता गिरीश सिंह, भाई सूरज सिंह, बहन और मां द्वारा चाकू से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक अमरेश की बेटी की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में कुल पांच लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से घटना में कथित रूप से शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।