पुलिसकर्मियों की तत्परता से हार्ट अटैक पीड़ित चौकीदार की बची जान
ड्यूटी के दौरान अचानक अचेत हुए चौकीदार को दिया सीपीआर
फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Faridabad News: लघु सचिवालय बल्लभगढ़ में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से अचेत हुए चौकीदार की पुलिसकर्मियों की तत्परता से जान बच गई। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए मौके पर सीपीआर देकर प्राथमिक सहायता दी और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 5 सितंबर को एसडीएम कार्यालय में तैनात चौकीदार भीम सिंह को अचानक हार्ट अटैक आया। ड्यूटी पर मौजूद ईएचसी रविंद्र और सीटी योगेंद्र ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मदद शुरू की।
दोनों ने मौके पर सीपीआर दिया और एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच सकी। डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने रविंद्र और योगेंद्र के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रशंसा पत्र और नकद इनाम दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आमजन की मदद करना भी उसका कर्तव्य है।