गुलशन नगर की बदहाली दूर करने की दिशा में कदम, टूटी सड़कों और पेयजल पाइपलाइन का काम शुरू

गुलशन नगर की बदहाली दूर करने की दिशा में कदम, टूटी सड़कों और पेयजल पाइपलाइन का काम शुरू

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना के मोहल्ला दरबार खुर्द गुलशन नगर में लंबे समय से बदहाल सड़कों, टूटी गलियों और जर्जर पेयजल पाइपलाइनों की स्थिति सुधारने का काम तेजी से शुरू हो गया है। नगरपालिका परिषद कैराना की ओर से वार्ड संख्या-26 में निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही अन्य समस्याओं का भी समाधान कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड संख्या-26 स्थित मोहल्ला दरबार खुर्द गुलशन नगर की लंबे समय से बदहाल सड़कों के निर्माण का काम नगरपालिका परिषद कैराना की ओर से शुरू करा दिया गया है। वार्ड सदस्य इंतजार अंसारी ने बताया कि तीतरवाड़ा/दरबार(मौलाना रहमतुल्लाह चौक) चौराहे से पानीपत रोड बाईपास तक नाले के निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही नाले का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि गुलशन नगर नई आबादी है। यहां करीब 25 प्रतिशत सड़कों का निर्माण हुआ है, जबकि अभी करीब 75 प्रतिशत सड़कों का निर्माण बाकी है।

शेष सड़कों का निर्माण भी जल्द शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से नगरपालिका परिषद कैराना के नामित सदस्य डॉ. श्रीपाल कश्यप ने बताया कि कुछ दिन पूर्व नगरपालिका परिषद कैराना के अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने गुलशन नगर, कश्यप कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए जल्द ही मूलभूत समस्याओं के समाधान और निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में नगरपालिका परिषद से जुड़े आकिल कांधलवी ने भी क्षेत्र का दौरा किया और गुलशन नगर की गली नंबर तीन में चल रहे कार्य का जायजा लिया।

साथ ही, पेयजल की पुरानी पाइपलाइनों को नए सिरे से डालने का काम भी शुरू कराया गया है। पाइपलाइन बदलने से लोगों को पेयजल आपूर्ति में होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले वर्ष बरसात के मौसम में गुलशन नगर की स्थिति बेहद खराब हो गई थी। तेज बारिश के बाद सड़कें और गलियां जलभराव की चपेट में आ गई थीं। कई मकानों में भी बारिश का पानी घुस गया था, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। स्थानीय लोगों की ओर से सड़क, जलनिकासी और पेयजल संबंधी समस्याओं को कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया था। अब निर्माण कार्य शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद जगी है कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा।

 

About The Author

Related Posts