Local Body Elections: दूसरे चरण के मतदान को लेकर पुलिस अलर्ट, आचार संहिता उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में 20 मोबाइल पार्टियां तैनात, सीसीटीवी कैमरों से भी होगी निगरानी
नगर निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण का मतदान बुधवार को जिले में शांतिपूर्वक सम्पन्न होने के बाद अब पुलिस-प्रशासन दूसरे चरण के मतदान को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। शुक्रवार को हनुमानगढ़ नगर परिषद तथा पीलीबंगा और गोलूवाला नगर पालिकाओं में होने वाले मतदान को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि प्रथम चरण के मतदान को शांतिपूर्वक सम्पन्न करवाने में पुलिस अधिकारियों और जाप्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दूसरे चरण के लिए भी पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। एडिशनल एसपी रैंक के वरिष्ठ पर्यवेक्षण अधिकारी, डिप्टी एसपी एवं निरीक्षक स्तर के अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
एसपी ने बताया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के लिए एडिशनल एसपी रैंक के दो, डिप्टी एसपी रैंक के दो तथा तीन-चार निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है। इनके साथ अतिरिक्त जाप्ता भी रहेगा। जंक्शन और टाउन क्षेत्र में अलग से 20 मोबाइल पार्टियां तैनात की गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में गश्त करती रहेंगी।
इसके अलावा रिजर्व जाप्ता भी तैयार रखा गया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मौके पर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डांे में से 22 स्थानों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा। वे स्वयं भी मतदान केन्द्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
सीसीटीवी से भी रखी जाएगी नजर
एसपी ने बताया कि हनुमानगढ़ पुलिस की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से चुनावी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस लेकर कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। पुलिस केवल फील्ड में ही नहीं, बल्कि कंट्रोल रूम से भी पूरे चुनावी माहौल पर नजर रखेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आचार संहिता के उल्लंघन, अवैध गतिविधि या किसी भी प्रकार की बदमाशी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा कोई मामला सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने आमजन से अपील की कि वे पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें और निर्भीक होकर मतदान करें, ताकि दूसरे चरण की चुनाव प्रक्रिया भी शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न हो सके।