रतिया में अवैध पानी-सीवरेज कनेक्शनों पर कार्रवाई, 18 कनेक्शन काटे

विभाग ने लोगों से जल्द कनेक्शन वैध करवाने की अपील की, रोड कट चार्ज में मिल रही छूट का उठाएं लाभ

Published On

रतिया (सच कहूँ न्यूज)। Ratia News: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने अवैध पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने रतिया के वार्ड नंबर 12 में कार्रवाई करते हुए 18 अवैध पानी एवं सीवरेज कनेक्शन काटे। जिला सलाहकार शर्मा चंद लाली ने बताया कि फतेहाबाद, रतिया, टोहाना, भूना और जाखल सहित जिले के सभी शहरों में अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन नागरिकों ने अभी तक अपने पानी व सीवरेज कनेक्शन वैध नहीं करवाए हैं, वे जल्द प्रक्रिया पूरी करवा लें।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में पेयजल कनेक्शन की फीस 1000 रुपये और सीवरेज कनेक्शन की फीस 500 रुपये है। सरकार ने फिलहाल करीब 10 हजार रुपये तक का रोड कट चार्ज माफ किया हुआ है। उन्होंने कहा कि भविष्य में रोड कट चार्ज दोबारा लागू हो सकता है, इसलिए नागरिक इस सुविधा का लाभ उठाएं। कनेक्शन वैध करवाने के लिए रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, आधार कार्ड, वोटर आईडी तथा घर के सामने खड़े होकर ली गई लोकेशन वाली फोटो आवश्यक है। शर्मा चंद लाली ने कहा कि विभाग का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था को व्यवस्थित करना और अवैध कनेक्शनों पर रोक लगाना है। कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ अभियंता दुर्गेश कुमार, पृथ्वी सिंह, खंड संयोजक कुलदीप सिंह, प्रधान शमशेर सिंह कुंडु, दलबीर सिंह धौलू, पवन कुमार, जगदीश कुमार, राममेहर सिंह, कर्ण सिंह सहित विभाग के कर्मचारी व अन्य सहयोगी मौजूद रहे।

Ratia News
Ratia News: रतिया में अवैध पानी-सीवरेज कनेक्शनों पर कार्रवाई, 18 कनेक्शन काटे

About The Author

Related Posts