तालाब को दूषित करने से बाज नही आ रहे कुछ लोग, प्रशासन की चेतावनी बेअसर
तालाब को दूषित करने से बाज नही आ रहे कुछ लोग, प्रशासन की चेतावनी बेअसर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव कण्डेला में तालाब के किनारे ब्लॉक प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्ड बेअसर साबित हो रहे है। कुछ लोग आज भी तालाब में कूड़ा-करकट डालने से बाज नही आ रहे है।
कैराना क्षेत्र के गांव कण्डेला में मुख्य मार्ग पर स्थित तालाब के किनारे ब्लॉक प्रशासन के द्वारा विगत दिनों दो चेतावनी बोर्ड स्थापित कराए गए थे, जिनमें से एक बोर्ड पर तालाब की गहराई के बारे में बताया गया है, जबकि दूसरे बोर्ड पर तालाब को दूषित करने पर दंडात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। बोर्ड पर लिखा है कि यह तालाब ग्राम पंचायत की संपत्ति है। इसे स्वच्छ रखने में सहयोग करें। कूड़ा-करकट डालकर तालाब को दूषित करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
हालांकि इन सबके बावजूद तालाब को गंदा किये जाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। ब्लॉक प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्ड बेअसर साबित हो रहे है। आज भी कुछ ग्रामीण कूड़ा-करकट, पॉलिथीन, गोबर आदि डालकर तालाब को दूषित करने में लगे है। वहीं, एडीओ पंचायत राहुल पंवार का कहना है कि तालाब गांव की संपत्ति है। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। लोगो के सहयोग के बिना सरकार की कोई भी योजना अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त नही कर सकती है। तालाब को दूषित करने वालों को चिन्हित करके उनके विरुद्ध नोटिस भेजने का कार्य किया जाएगा।