Family ID News: एक सप्ताह के भीतर फैमिली आईडी बनाने का कार्य करें पूरा: बीडीओ
खंड विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने ग्राम पंचायत सचिवों व पंचायत सहायकों के साथ में की बैठक
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गुरुवार को खंड विकास कार्यालय में बीडीओ रोहित शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें ‘फैमिली आईडी—एक परिवार, एक पहचान’ अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रत्येक पात्र परिवार की फैमिली आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पंचायत सचिवों एवं सहायकों ने शीघ्र ही निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का आश्वासन दिया। बैठक में बताया गया कि जिन परिवारों के राशन कार्ड पहले से बने हुए हैं, उनका राशन कार्ड ही फैमिली आईडी के रूप में कार्य करेगा। राशन कार्ड से वंचित परिवारों की फैमिली आईडी बनाने के कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान एडीओ पंचायत राहुल पंवार, एडीओ राजीव कुमार, श्रम विभाग से मुनव्वर जंग, समस्त ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक तथा खंड विकास कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, बीडीओ रोहित शर्मा ने बताया कि विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार प्रदेशभर में परिवारों का समेकित डाटा तैयार किया जा रहा है, जिससे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक आसानी एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान में तेजी लाकर वंचित परिवारों की फैमिली आईडी एक सप्ताह के भीतर बनाने के निर्देश दिए गए है। निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य पूरा न होने पर वेतन रोके जाने की चेतावनी दी गई है।