नांदेड़ सड़क हादसे को लेकर पीएम मोदी हुए दुखी, मृतकों के परिजनों के लिए किया बड़ा ऐलान

मृतकों के परिजनों 2 लाख और घायलों को 50 हजार की मदद

Published On

Nanded Road Accident: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की जान जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा दुर्घटना में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नांदेड़ में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

ट्रक और टाटा मैजिक की आमने-सामने टक्कर

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार शाम नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के समीप सीताखंडी इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी टाटा मैजिक वैन नांदेड़ से भोकर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क से दूर जा गिरी। हादसे में ट्रक के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वैन में करीब 12 लोग सवार थे, जिनमें से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए गए हैं।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किस वजह से हुई और दोनों वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

About The Author

Related Posts