Gohana Electricity Accident: बिजली का तार बना किसान का काल, करंट लगने से मौत

सोनीपत के गोहाना की दुर्घटना

Published On

Gohana Electricity Accident: सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)।  हरियाणा के गोहाना क्षेत्र के कथूरा गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेतों से जुड़े काम के बाद घर लौट रहे करीब 50 वर्षीय किसान की बिजली का तार टूटकर गिरने से करंट लगने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान सतबीर के रूप में हुई है।हादसे के बाद परिवार ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि संबंधित लाइन के तार काफी समय से जर्जर स्थिति में थे और समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। 

घर लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बेटे साहिल ने बताया कि उसके पिता खेती-बाड़ी करते थे। 4 सितंबर को दोपहर के समय वह गांव के अड्डे से सामान लेकर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बिजली की लाइन का एक तार अचानक टूटकर सतबीर के ऊपर गिर गया। तार के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी डायल-112 के माध्यम से पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलने के बाद थाना बरोदा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के बेटे ने शिकायत में आरोप लगाया कि बिजली लाइन के तार लंबे समय से खराब हालत में थे। उनका कहना है कि यदि समय रहते लाइन की मरम्मत और उचित रखरखाव किया जाता तो हादसे को टाला जा सकता था।

परिजनों ने बिजली निगम के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना बरोदा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बिजली लाइन की स्थिति, तार टूटने के कारण और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts