गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 3 शातिर लुटेरे गिरफ्तार, दो घायल
2 देसी तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद, एसीपी नंदग्राम ने दी जानकारी
गाजियाबाद(सच कहूं/रविन्द्र सिंह)। थाना सिहानीगेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 3 शातिर चोर/लुटेरे अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनके कब्जे से 2 अवैध देशी तमंचे 315 बोर, 1 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, एक मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि 10/11 सितंबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि फैक्ट्री एरिया में मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं।
सूचना पर थाना सिहानीगेट पुलिस टीम ने मंगल पांडे मार्ग पर लोहियानगर सी-ब्लॉक कट के पास चेकिंग शुरू की। बाइक सवार तीनों व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया तो वे पुलिस को देखकर भागने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल फिसलने से गिर गई और एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
भाग रहे दो बदमाशों का पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
1. शाहरूख उर्फ इमरान पुत्र नसीम उर्फ भूरा निवासी मौहल्ला धर्मपुरा, कस्बा सरधना, थाना सरधना जनपद मेरठ, हाल पता - पानी की टंकी के पास, रफीकाबाद डासना, थाना मसूरी, गाजियाबाद, उम्र 26 वर्ष (मुठभेड़ में घायल)। इसके खिलाफ हत्या, चोरी व हत्या के प्रयास के 13 मुकदमे दर्ज हैं।
2. इमरान पुत्र शहीद उर्फ सईद निवासी धोबी वाली गली, रफीकाबाद डासना, थाना मसूरी, गाजियाबाद, उम्र 26 वर्ष (मुठभेड़ में घायल)। इसके खिलाफ लूट, अवैध शस्त्र व चोरी के 4 मुकदमे दर्ज हैं।
3. सोनू पुत्र स्व. अब्दुल सत्तार निवासी ग्राम घूँघराला, थाना हफीजपुर, जनपद हापुड़, हाल पता - मयूर विहार, नूरानी मस्जिद के पास, हाजी के मकान में किराए पर, थाना मसूरी, गाजियाबाद। पुलिस के अनुसार तीनों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।