पत्रकार संगठन कैराना की मासिक बैठक आयोजित, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर
पत्रकार संगठन कैराना की मासिक बैठक आयोजित, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: शुक्रवार को कस्बे के मुख्य मार्ग पर गोल मार्किट स्थित कार्यालय पर पत्रकार संगठन कैराना से जुड़े पत्रकारों की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारिता को समाज और जनसेवा का माध्यम बताते हुए आम जनमानस की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष सुधीर चौधरी तथा संचालन पत्रकार अंसार सिद्दीकी ने किया। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार एवं शायर रियासत अली ताबिश ने कहा कि प्रत्येक कलमवीर को अपने-अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
आम जनता को सड़क, पानी, बिजली, सफाई, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें प्रमुखता से समाचारों के माध्यम से सामने लाना चाहिए, ताकि संबंधित अधिकारियों तक जनता की आवाज पहुंच सके। पत्रकार संगठन कैराना के संरक्षक महराब चौधरी ने पत्रकारिता को इंसाफ पर आधारित मिशन बताते हुए कहा कि समाज में फैली अव्यवस्था और बुराइयों को दूर करने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों ने हमेशा सच और इंसाफ की आवाज को बुलंद करने के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य सच्चाई और तथ्यों को जनता के सामने लाना है। यदि पत्रकारिता किसी निजी स्वार्थ या लाभ के अधीन हो जाए तो उसका मूल उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है।
अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने कहा कि अपराध और हादसों से जुड़ी खबरें लगातार प्रकाशित होती रहती हैं, लेकिन जनसमस्याओं को भी पत्रकारिता में प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए। पत्रकारों को समाज में पनप रही बुराइयों के खिलाफ भी अपनी कलम की ताकत का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिस-प्रशासन के अच्छे कार्यों को समाचारों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाता है, उसी तरह भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को भी निष्पक्षता के साथ सामने लाना पत्रकारों की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार मेहरबान अली कैरानवी, अहसान सैफी, पुनीत गोयल, डॉ. अजमतुल्ला खान, इकबाल जंग, स्वदेश पंवार , आशीष सैनी, देवराज चौहान, डॉ. अनवारुल हक आदि मौजूद रहे।