Sanitation Workers Strike: कूड़ा उठाने पहुंचे तो पुलिस से भिड़े सफाईकर्मी, 45 हिरासत में; पुलिस ने करवाई शहर की सफाई

बीघड़ रोड डंपिंग प्वाइंट पर नगर परिषद ने शुरू करवाया कूड़ा उठाने का काम, सूचना मिलते ही पहुंचे हड़ताली कर्मचारी

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Fatehabad News: शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को उस समय सड़क पर आ गया, जब नगर परिषद की ओर से बीघड़ रोड स्थित डंपिंग प्वाइंट पर कूड़ा उठाने का काम शुरू करवाया गया। इसकी सूचना मिलते ही हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने काम का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच आमना-सामना हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने करीब 45 सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया।

नगर परिषद की टीम डंपिंग प्वाइंट पर कूड़ा हटाने की कार्रवाई में जुटी थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी वहां पहुंच गए और विरोध जताने लगे। पुलिस ने कर्मचारियों को मौके से हटने के लिए कहा, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर वहीं डटे रहे। इस दौरान एक महिला सफाई कर्मचारी और पुलिस कर्मचारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।

कर्मचारियों को हिरासत में लेकर शुरू कराया सफाई अभियान

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। करीब 45 कर्मचारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद डंपिंग प्वाइंट पर नगर परिषद की कार्रवाई आगे बढ़ी। पुलिस की मौजूदगी में कूड़ा उठाने का काम करवाया गया। इसके बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में भी सफाई अभियान चलाया गया। हड़ताल के कारण शहर में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। डंपिंग प्वाइंट पर भी कूड़ा जमा होने के कारण स्थिति खराब हो रही थी। नगर परिषद अब वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कूड़ा उठाने में जुटी है।

सूचना मिलते ही पहुंच गए कर्मचारी

सफाई कर्मचारियों को जैसे ही पता चला कि नगर परिषद डंपिंग प्वाइंट पर कूड़ा हटाने का काम शुरू कर रही है, कर्मचारी वहां पहुंच गए। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार और प्रशासन के साथ बातचीत कर समाधान नहीं निकलता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। वहीं नगर परिषद का प्रयास है कि हड़ताल के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाया जाए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से शहर में सफाई को लेकर चल रहा विवाद और गहरा गया है।

 

About The Author

Related Posts