सैलून बंद कर घर लौट रहे भाइयों पर लाठी-पाइप से हमला
पांच बाइक सवार हमलावरों ने पीछे से पकड़ा, सिर पर पाइप से वार, जेब से रुपए-मोबाइल फोन छीना
हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र में सैलून की दुकान बंद कर घर लौट रहे दो भाइयों पर बाइक सवार युवकों ने लाठी-पाइप से हमला कर दिया। हमले में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे के पीठ और कंधे पर चोटें लगीं। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर युवक के पास से करीब 3 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव बनवाला के वार्ड नंबर 11 निवासी हरप्रीत सिंह (23) पुत्र गुरमीत सिंह ने रिपोर्ट दी कि वह और उसका भाई हरजीत सिंह पक्कासारणा में हेयर सैलून की दुकान करते हैं। 6 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे दोनों दुकान बंद कर पैदल घर की ओर रवाना हुए थे। करीब 9.40 बजे मनीष कुमार, रामानन्द, सुनील, मंगलचंद सहित एक अन्य व्यक्ति पांच मोटर साइकिलों पर सवार होकर वहां पहुंचे। सभी के हाथों में डंडे और पाइप थे।
आरोपियों ने पीछे से दोनों भाइयों को पकड़ लिया और लाठी-पाइप से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान हरजीत सिंह के सिर पर पाइप से वार किया गया, जिससे उसके सिर में गहरी चोट लगी। हरप्रीत सिंह के पीठ और कंधे पर भी चोटें आईं। मारपीट के दौरान हमलावर हरजीत सिंह की जेब में रखे करीब 3 हजार रुपए और मोबाइल फोन छीनकर फरार होने लगे। हरप्रीत सिंह ने एक आरोपी की मोटर साइकिल को पीछे से पकड़कर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान मोटर साइकिल सवार नीचे गिर गया और उसे भी चोटें आईं। घटना के बाद हरप्रीत ने परिजनों को सूचना दी।
परिजन दोनों घायलों को पक्कासारणा अस्पताल लेकर पहुंचे। हरजीत सिंह के सिर में अधिक चोट होने के कारण उसे हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। परिवादी ने आरोप लगाया कि हमलावर नशे की हालत में थे और उनमें से कुछ नशे के कारोबार में भी लिप्त हैं। साथ ही उसने आरोपियों से दोबारा किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट और चोटों के निरीक्षण के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक शैताराम को सौंपी गई है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपियों की भूमिका और रुपए-मोबाइल फोन छीनने के आरोपों की जांच कर रही है।