वकालत का रौब झाड़ने वाले की पुलिस ने निकाली हेकड़ी, गिरफ्तार कर जेल भेजा

सोमवार रात्रि व्यापारी के साथ मारपीट करके सरेराह की गई थी फायरिंग, पीड़ित व्यापारी ने सदर कोतवाली पर दर्ज कराया है मुकदमा

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कार टकराने पर पैदा हुए विवाद के बाद व्यापारी पर सरेराह फायरिंग करने के प्रकरण में पुलिस ने एक तथाकथित वकील को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। पकड़े गए आरोपी ने अपने पुत्र व उसके साथियों के साथ मिलकर व्यापारी पर हमला किया था। विगत सोमवार की रात्रि करीब साढ़े दस बजे सदर कोतवाली पुलिस को शहर के वर्मा मार्किट के पास फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र गौतम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की थी। जांच के दौरान मामला दो गाड़ियों के आपस में टकराने का पाया गया था। पुलिस जांच में पता चला कि ऋषभ गर्ग एवं अशोक देशवाल के मध्य वाहन टकराने को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद अशोक देशवाल ने तीन-चार लड़कों को मौके पर बुला लिया।

इसके पश्चात, ऋषभ के साथ में मारपीट करके तमंचों से फायरिंग की गई। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खोखे भी बरामद हुए थे। प्रकरण के संबंध में पीड़ित ऋषभ कुमार के द्वारा स्थानीय कोतवाली शामली पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। इसी क्रम में मंगलवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार कोतवाली पुलिस ने वाहन टकराने की घटना को लेकर फायरिंग करने के प्रकरण में वांछित आरोपी अशोक देशवाल निवासी ग्राम टिटोली थाना आदर्श मण्डी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की बिना नंबर प्लेट वाली वैगनार कार को भी कब्जे में लिया है।

About The Author

Related Posts