शिखर शिक्षा सदन के निशानेबाजों ने प्री-नेशनल स्तर पर लहराया परचम
45वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन,रिहान अली और शौर्य राणा का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन
मीरापुर।(सच कहूं/कोमल कुमार) शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर के युवा निशानेबाजों ने लगातार दो प्रतिष्ठित शूटिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर की त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित 45वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में विद्यालय के खिलाड़ी जसप्रीत, रिहान अली, शौर्य राणा, वीरभद्र बाना एवं रुद्रवीर ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जसप्रीत, रिहान अली एवं शौर्य राणा ने आगामी राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग चैंपियनशिप के लिए स्थान सुनिश्चित किया।इसी क्रम में विद्यालय के खिलाड़ियों ने 28वीं ऑल इंडिया कुमार सुरेंद्र सिंह इंटर कॉलेज शूटिंग चैंपियनशिप-2026, भोपाल राज्य शूटिंग चैंपियनशिप, मध्य प्रदेश में भी प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि शूटिंग जैसे खेल में विद्यार्थियों की मेहनत और लगन ने साबित किया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।विद्यालय निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन विद्यालय के लिए गौरव की बात है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन उनकी प्रतिभा और कठिन परिश्रम का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रबंधिका शिखा शर्मा ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को बधाई दी। प्रधानाचार्या शालिनी राय ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।