विभिन्न ऑनलाइन प्रोग्राम के लिए आई.बी.एम एडूनेट फाउंडेशन के साथ हुआ समझौता
आई.बी.एम. एडूनेट प्रोग्राम के अंतर्गत ओरिएंटेशन सेशन कराया जाएगा जिसमें शिक्षार्थी और शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होगी
खरखौदा,(सच कहूं)। शहीद दलबीर सिंह राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ.तराना नेगी की अध्यक्षता में महाविद्यालय की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन समिति और आई.बी.एम. एडूनेट फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन किया गया। यह समझौता ज्ञापन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. तराना नेगी के सान्निध्य में किया गया। समझौता ज्ञापन में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों से जोड़ने का आह्वान किया। आई.बी.एम. एडूनेट प्रोग्राम के अंतर्गत ओरिएंटेशन सेशन कराया जाएगा जिसमें शिक्षार्थी और शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
शिक्षक शिक्षार्थियों को प्रोग्राम के मुख्य तथ्य बिंदु से अवगत कराएंगे। और इससे जुड़ी हुई विषय सामग्री को उपलब्ध कराने में सहायता प्रदान करेंगे। इस प्रोग्राम के अंतर्गत ऑनलाइन बूट कैंप नई तकनीकी के विस्तार के बारे में, करियर योजना के बारे में कार्यशाला और करियर गोल के बारे में बताया जाएगा। यह प्रोग्राम ऑनलाइन कराया जाएगा और इस प्रोग्राम का कैलेंडर प्रकाशित कराया जाएगा।
आई.बी.एम. एडूनेट की टीम के सदस्य ऑनलाइन कार्यक्रम को प्रायोजित करेंगे। जिसमें उनकी बाहरी हिस्सेदारी होगी। आई.बी.एम. एडूनेट के विशेषज्ञों की पारस्परिक भूमिका होगी। वह सेमिनार, वेबीनार तथा प्रोजेक्ट करवाएंगे एवं सभी कार्यक्रम ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे। प्रोग्राम के आकलन के बाद शिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इस मौके पर आई.बी.एम. एडूनेट आदित्य कुमार एवं महाविद्यालय की तरफ से कोर्डिनेटर विनोद मलिक, डॉ. योगेश बाजवान, गीता शर्मा, डॉ. बीना रानी, डॉ. संगीता कुमारी, प्रीति, और बलराम वर्मा उपस्थित रहे।