घर में घुसकर परिवार से मारपीट, सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप
ससुर, चाचा ससुर और दो सालों सहित अन्य पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र के डबलीकलां में घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट करने और अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। परिवादी ने अपने ससुर, चाचा ससुर और दो सालों सहित अन्य लोगों पर घर में घुसकर उसके तथा नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट करने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चक 5 एमजेडडब्ल्यू, डबलीकलां निवासी भीमसैन (34) पुत्र सतपाल जाट ने रिपोर्ट दी कि उसकी शादी वर्ष 2015 में पोहड़का निवासी कंचन के साथ हुई थी। परिवादी का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी परिवार के सदस्यों के साथ विवाद करती रही और कई बार उसकी माता व पुत्र के साथ मारपीट भी करती थी। इस संबंध में परिवार और समाज स्तर पर समझाइश के प्रयास भी किए गए।
रिपोर्ट के अनुसार 10 सितंबर की सुबह करीब 7.20 बजे परिवादी के ससुर इन्द्राज, चाचा ससुर भागीरथ, साले पंकज व राजशेखर सहित 2-3 अन्य लोग दो गाड़ियों में सवार होकर उसके घर पहुंचे और जबरन घर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने परिवादी और उसके नाबालिग पुत्र के साथ थाप-मुक्कों से मारपीट की। राजशेखर ने बेल्ट से सिर पर वार किए।
परिवादी के अनुसार बचाव के दौरान उसकी पत्नी कंचन की दाईं आंख के नीचे चोट लग गई। उसे बचाने के लिए उसकी माता लिछमा और पिता सतपाल पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की और गाली-गलौज की। भीमसैन ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने अलमारी में रखी सोने की तीन अंगूठियां तथा उसके पिता का सोने का कड़ा भी ले लिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी कंचन तथा चोरी किया गया सामान साथ लेकर गाड़ियों में फरार हो गए। परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने भविष्य में जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजपाल सिंह की ओर से की जा रही है।